गाजीपुर में स्कॉर्पियो ने टोटो को मारी टक्कर, चालक समेत तीन घायल
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. दिलदारनगर-भदौरा मार्ग पर बुधवार को एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने टोटो को टक्कर मार दी। यह हादसा फरीदपुर नहर पुलिया के पास हुआ। इस दुर्घटना में फरीदपुर गांव निवासी टोटो चालक सहित दो यात्री घायल हो गए।
स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और निजी वाहनों से सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दिलदारनगर की ओर से आ रही एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो ने टोटो को टक्कर मारी। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि स्कॉर्पियो चालक नशे में था और टक्कर मारने के बाद मौके से फरार हो गया।
टक्कर से टोटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस घटना में फरीदपुर गांव निवासी टोटो चालक भक्ति, सोनम कुमारी और सविता गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर सेवराई चौकी पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
सेवराई चौकी प्रभारी विपिन कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि स्कॉर्पियो का पता लगाया जा सके। उन्होंने कहा कि इस संबंध में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
