Today Breaking News

गाजीपुर में ट्रेलर बेकाबू होकर दुकानों में घुसा, चार दुकानें क्षतिग्रस्त

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. भदौरा बस स्टैंड पर एक तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर दुकानों में जा घुसा। इस हादसे में चार दुकानें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं, हालांकि दुकानदार बाल-बाल बच गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
यह हादसा बुधवार की सुबह में 2:30 बजे हुआ। ट्रेलर की टक्कर से शशिकांत गुप्ता, जितेंद्र गुप्ता, विवेकानंद चौरसिया और रमानंद गुप्ता की दुकानें प्रभावित हुईं। हादसे के दौरान दुकानदार जितेंद्र कुमार गुप्ता को कोई चोट नहीं आई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार ट्रेलर ने पहले सड़क किनारे खड़े एक डंपर को टक्कर मारी। इसके बाद चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और ट्रेलर सीधे दुकानों में जा घुसा।

इस दुर्घटना में दुकानों के टीनशेड, मिठाई की दुकान का एसी काउंटर, गुमटी और अन्य सामान क्षतिग्रस्त हो गए।

घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रेलर और डंपर को कब्जे में ले लिया है। प्रभारी निरीक्षक गहमर प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस को तहरीर मिल गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।