गुजरात में 8 मंजिला इमारत से गिरकर गाजीपुर के मजदूर की मौत
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के छपरी गांव निवासी 32 वर्षीय सूरज राम की गुजरात में दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। बुधवार को शव गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां, पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक का माहौल है।
परिजनों के अनुसार सूरज राम के पिता सुखलाल का करीब एक साल पहले निधन हो गया था। पिता की मौत के बाद परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियां अचानक बढ़ गईं। घर चलाने के लिए सूरज को अपनी पढ़ाई बीच में छोड़नी पड़ी और रोजगार की तलाश में गुजरात जाना पड़ा।
बताया जा रहा है कि 11 मई को सूरज गुजरात में एक निर्माणाधीन 8 मंजिला इमारत पर मजदूरी का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह ऊंचाई से नीचे गिर पड़े। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
बुधवार, 13 मई को शव गांव पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों की आंखें भी नम हो गईं। सूरज अपने पीछे मां, पत्नी, 7 साल की बेटी और 5 साल के बेटे को छोड़ गए हैं। वहीं परिवार में एक भाई और दो बहनों की शादी भी अभी बाकी बताई जा रही है।
गरीबी और जिम्मेदारियों से जूझ रहे इस परिवार पर इस हादसे ने दुखों का पहाड़ तोड़ दिया है। गांव के लोग परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे हैं।
