गाजीपुर के जखनियां में रेलवे ने हटाया अवैध अतिक्रमण, दुकानें व झोपड़ियां जमींदोज
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के जखनियां रेलवे परिसर में बुधवार को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने अतिक्रमण हटाने के लिए बड़ा अभियान चलाया। मऊ से पहुंची आरपीएफ टीम ने रेलवे की जमीन पर अवैध कब्जा जमाए दुकानदारों, झुग्गी-झोपड़ियों और गुमटियों के खिलाफ कार्रवाई की। अचानक शुरू हुई इस कार्रवाई से बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
आरपीएफ टीम ने बुधवार सुबह दक्षिणी केबिन से उत्तरी केबिन तक अभियान चलाया। स्थानीय लोगों के अनुसार, कार्रवाई की पूर्व सूचना नहीं दी गई थी, जिसके चलते दुकानदारों को अपना सामान हटाने का समय नहीं मिल सका। अभियान शुरू होते ही लोग जल्दबाजी में अपना सामान समेटते नजर आए। टीम ने रेलवे ट्रैक के किनारे बनी दर्जनों अस्थायी दुकानों और झोपड़ियों को हटाया।
आरपीएफ एसआई इंद्रजीत यादव ने बताया कि रेलवे की जमीन पर लगातार बढ़ते अतिक्रमण की शिकायतें उच्च अधिकारियों तक पहुंच रही थीं। उन्होंने कहा कि रेलवे संपत्ति पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर यह विशेष अभियान चलाया गया है और भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी। गौरतलब है कि करीब दो महीने पहले भी जखनियां में इसी तरह का अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया था। हालांकि, कुछ समय बाद अतिक्रमणकारी फिर से रेलवे भूमि पर कब्जा जमाने लगे थे। बुधवार के अभियान में अखिल सिंह, राजीव कुमार सहित बड़ी संख्या में आरपीएफ जवान मौजूद रहे।
