गाजीपुर में चोरी की बुलेट के साथ युवक गिरफ्तार, पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान पकड़ा
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. करण्डा पुलिस ने चोरी की रॉयल एनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिल के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी बुधवार को मैनपुर ताल मार्ग पर चेकिंग के दौरान हुई। आरोपी की पहचान पंचम कुमार के रूप में हुई है, जो बयेपुर, थाना करण्डा का निवासी है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक नगर डॉ. राकेश मिश्रा के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर के मार्गदर्शन में बड़सरा चौकी इंचार्ज उप निरीक्षक अरुण कुमार पाण्डेय अपनी टीम के साथ मैनपुर चट्टी पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे।
इसी दौरान, मुखबिर से सूचना मिली कि मुकदमा संख्या 64/2026 धारा 331(4), 305(a) बीएनएस से संबंधित एक अभियुक्त चोरी की मोटरसाइकिल के साथ मैनपुर ताल की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मैनपुर ताल मार्ग पर स्थित पहली पुलिया के पास घेराबंदी कर आरोपी पंचम कुमार को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान, पंचम कुमार पुत्र अशोक कुमार, उम्र करीब 20 वर्ष, निवासी बयेपुर, थाना करण्डा के कब्जे से चोरी की गई रॉयल एनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिल बरामद हुई। पुलिस ने बताया कि इस मामले में धारा 117(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी करते हुए गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उप निरीक्षक अरुण पाण्डेय (चौकी प्रभारी बड़सरा), उप निरीक्षक अखिलेश यादव, कांस्टेबल वैभव यादव, रि0 कांस्टेबल अंकुर यादव, कांस्टेबल विवेक और रि0 कांस्टेबल योगेन्द्र वर्मा शामिल थे।
