गाजीपुर में डीएलएड परीक्षा शुरू, शांतिपूर्ण माहौल में पहले दिन दो पालियों में हुई पूरी
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. दिलदारनगर एसकेबीएम इंटर कॉलेज और राधा कृष्ण गुप्त आदर्श विद्यालय इंटर कॉलेज में डी.एल.एड (डिप्लोमा इन एलिमेंट्री एजुकेशन) द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षाएं बुधवार से शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। परीक्षा केंद्रों पर बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया। परीक्षा को लेकर एसकेबीएम इंटर कॉलेज और राधा कृष्ण गुप्त आदर्श विद्यालय इंटर कॉलेज में परीक्षा केंद्र बनाया गया जहा विद्यालयों में व्यापक तैयारियां की गई थीं। पहले दिन दो पालियों में परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराई गई।
पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 1:30 बजे से शाम 3:30 बजे तक आयोजित हुई। परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पहले परीक्षार्थियों की सघन जांच की गई और आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन के बाद ही अंदर प्रवेश दिया गया। नकलविहीन परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन की ओर से कड़ी निगरानी रखी गई।
केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित करने के निर्देश दिए गए थे। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद नजर आई । परीक्षा को लेकर छात्र-छात्राओं में उत्साह दिखाई दिया। प्रशासन की ओर से परीक्षार्थियों को समय से परीक्षा केंद्र पहुंचने तथा आवश्यक दस्तावेज साथ रखने की सलाह दी गई है।
