Today Breaking News

गाजीपुर में जर्जर पुल से गिरा बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल, ग्रामीणों में आक्रोश

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. सेवराई तहसील के हसनपुरा गांव में एक जर्जर पुल बुधवार देर शाम एक हादसे का कारण बन गया। एक बाइक सवार युवक पुल के टूटे हिस्से से गहरे गड्ढे में जा गिरा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
घायल युवक की पहचान तहसील क्षेत्र के सायर गांव निवासी 22 वर्षीय अनुज कुमार पुत्र संजय राम के रूप में हुई है। उसकी हालत चिंताजनक होने पर उसे मऊ रेफर कर दिया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह पुल लंबे समय से क्षतिग्रस्त है। पुल पर न तो कोई बैरिकेडिंग की गई थी और न ही किसी प्रकार का चेतावनी बोर्ड लगाया गया था, जिससे अनजान राहगीरों को खतरे का आभास नहीं होता।

ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने कई बार संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को पुल की खराब स्थिति के बारे में सूचित किया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। इस घटना के बाद ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है।

ग्रामीणों ने कहा कि यदि समय रहते सुरक्षा उपाय किए गए होते तो यह हादसा टाला जा सकता था। उन्होंने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुल की तत्काल मरम्मत, सुरक्षा घेराबंदी और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।