गाजीपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर 25 फीट नीचे गिरी कार, चालक सुरक्षित
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। तेज रफ्तार महिंद्रा एसयूवी अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ते हुए करीब 25 फीट नीचे जा गिरी। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि चालक समेत सभी लोग बाल-बाल बच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और यूपीडा टीम ने राहत कार्य शुरू कराया।
मुहम्मदाबाद क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 340 (हैदरिया फखनपुरा) के पास बुधवार देर रात यह हादसा हुआ। लखनऊ के सरोजनी नगर निवासी प्रांजल पांडेय महिंद्रा एसयूवी से वाराणसी जा रहे थे। बताया जा रहा है कि मऊ के पास वह रास्ता भटक गए और मरदह से उतरने के बजाय हैदरिया की तरफ पहुंच गए।
इसी दौरान किलोमीटर 340 के पास कार अचानक अनियंत्रित हो गई। तेज रफ्तार एसयूवी रेलिंग तोड़ते हुए पलटकर करीब 25 फीट नीचे जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।
सूचना मिलते ही यूपीडा के अधिकारी-कर्मचारी और भांवरकोल पुलिस मौके पर पहुंची। राहत और बचाव कार्य शुरू करते हुए सभी को सुरक्षित बाहर निकाला गया। हादसे में चालक प्रांजल पांडेय को मामूली चोटें आई हैं, जबकि कार में सवार अन्य लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक हादसे में एसयूवी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
यूपीडा के सहायक सुरक्षा अधिकारी अनिल सिंह ने बताया कि कार अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ते हुए एक्सप्रेसवे से नीचे गिर गई। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि कार चालक प्रांजल पांडेय को केवल हल्की चोटें आईं, जिनका स्थानीय स्तर पर उपचार कराया गया।
