Today Breaking News

गाजीपुर में फर्जी अस्पताल सील, एक मरीज मिला भर्ती; FIR के बाद भी चल रहा था

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. जिलाधिकारी के आदेश पर गुरुवार को सैदपुर उप जिलाधिकारी ज्योति चौरसिया, एडिशनल सीएमओ रामकुमार और स्थानीय पुलिस की टीम ने क्षेत्र के रामपुर बन्तरा हाइवे पर एक फर्जी अस्पताल को सील कर दिया। यह कार्रवाई अवैध रूप से चल रहे अस्पताल के खिलाफ की गई।
छापेमारी के दौरान अस्पताल में कोई डॉक्टर या कर्मचारी मौजूद नहीं मिला। हालांकि, एक मरीज भर्ती पाया गया। टीम ने अस्पताल परिसर को पूरी तरह से सील कर दिया।

एडिशनल सीएमओ रामकुमार ने बताया कि इस अस्पताल के खिलाफ पिछले 29 अगस्त को मुकदमा दर्ज किया गया था। मुकदमा दर्ज होने के बावजूद अस्पताल में मरीजों का इलाज जारी था, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।

अस्पताल में भर्ती छपरा सादात की रुचि राजभर नामक मरीज को पेट दर्द की शिकायत थी और वह तीन दिनों से यहां भर्ती थी। टीम ने एम्बुलेंस की मदद से उसे देवकली स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।

इसके बाद टीम बरहपुर स्थित शिव हॉस्पिटल पहुंची, लेकिन वहां ताला लगा मिला और संचालक फरार हो चुका था। इस अस्पताल के खिलाफ भी जांच की जा रही है।

मामले में सैदपुर एसडीएम से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी।