गाजीपुर में बाढ़ से निपटने की तैयारी तेज, डीएम ने अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में संभावित बाढ़ और कटाव की स्थिति से निपटने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय बाढ़ स्टीयरिंग ग्रुप की बैठक हुई। इस दौरान गंगा और अन्य नदियों के किनारे स्थित संवेदनशील तथा कटाव प्रभावित इलाकों की स्थिति की समीक्षा की गई और बाढ़ पूर्व तैयारियों पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में देवकली पम्प नहर प्रखंड-प्रथम के अधिशासी अभियंता ने तटबंधों, कटाव निरोधक परियोजनाओं और संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे कार्यों की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने क्षेत्रों में चल रहे बाढ़ एवं कटाव निरोधक कार्यों का नियमित निरीक्षण करें। उन्होंने गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न करने की सख्त हिदायत दी।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि बाढ़ आने से पहले सभी सुरक्षा और राहत संबंधी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं। उन्होंने बाढ़ चौकियों पर पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, नाव, दवाएं, खाद्यान्न और संचार सुविधाएं उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। साथ ही, जनपद स्तर पर 24 घंटे सक्रिय कंट्रोल रूम स्थापित कर निगरानी और सूचना आदान-प्रदान की व्यवस्था मजबूत करने को कहा।
डीएम ने चेतावनी देते हुए कहा कि लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं होगी। उन्होंने सभी विभागों को राहत एवं बचाव कार्यों में आपसी समन्वय के साथ तेजी से काम करने के निर्देश दिए।
कृषि विभाग को किसानों का फसल बीमा समय से कराने और उन्हें सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए। मुख्य चिकित्साधिकारी को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं और दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया, जबकि पशुपालन विभाग को पशुओं के लिए दवा और टीकाकरण की तैयारी रखने के निर्देश मिले। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व), जिला विकास अधिकारी, चिकित्सा विभाग के अधिकारी और सभी उपजिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से शामिल रहे।
