गाजीपुर के युवक की देवरिया में सड़क हादसे में मौत
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले के मरदह थाना क्षेत्र के गजपतपुर गांव निवासी एक युवक की देवरिया जिले में सड़क हादसे में मौत हो गई। बोलेरो की टक्कर से युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना देवरिया जिले के गौरी बाजार में हुई।
मृतक की पहचान धर्मेंद्र राम के पुत्र अर्जुन कुमार के रूप में हुई है। अर्जुन अपने दोस्त के साथ देवरिया जिले के गौरी बाजार स्थित अपनी मौसी के यहां शादी समारोह में शामिल होने गया था। उसका दोस्त बिहार का रहने वाला बताया जा रहा है, जो अर्जुन के साथ शहर में रहता था।
जानकारी के अनुसार, अर्जुन कुमार और उसका दोस्त शाम के समय बाजार जा रहे थे। तभी पीछे से आ रही एक बोलेरो ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अर्जुन कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
अर्जुन के दोस्त की हालत गंभीर बताई जा रही है। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
स्थानीय पुलिस ने अर्जुन कुमार के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव को गजपतपुर स्थित उसके निजी आवास पर लाया गया, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल छा गया।
अर्जुन कुमार चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था और कक्षा 10 का छात्र था। इस घटना से गजपतपुर गांव में गहरा दुख व्याप्त है।
