Today Breaking News

गाजीपुर में लड़की से मिलने आए युवक ने साथियों संग किया हमला

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. मरदह क्षेत्र में एक युवक द्वारा लड़की से मिलने आने पर ग्रामीणों द्वारा टोके जाने के बाद शुक्रवार को मरदह थाना क्षेत्र के दुर्खुशी गांव में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस घटना में महिलाओं सहित कुल आठ लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, बीती रात मऊ जिले का एक युवक दुर्खुशी गांव में एक युवती से मिलने उसके घर आया था। ग्रामीणों ने उसे संदिग्ध अवस्था में पकड़ लिया और भविष्य में गांव न आने की चेतावनी देकर छोड़ दिया।

इसी बात से नाराज होकर युवक शुक्रवार को अपने कुछ साथियों के साथ एक बोलेरो गाड़ी में लाठी-डंडे लेकर दोबारा दुर्खुशी गांव पहुंचा। उन्होंने उन ग्रामीणों को निशाना बनाया जिन्होंने उसे पिछली रात टोका था और उन पर हमला कर दिया।

हमले की जानकारी मिलते ही अन्य ग्रामीण भी लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंच गए और दोनों पक्षों के बीच भीषण मारपीट हुई। इस दौरान बोलेरो सहित कुछ हमलावर मौके से फरार हो गए।

सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। मारपीट में घायल हुए लोगों में बोलेरो सवार आसिफ गोंड़, आकाश गोंड़, अभय गोंड़, विद्यावती देवी (निवासी अलीनगर सचुई, जिला मऊ) तथा दुर्खुशी गांव निवासी लक्ष्मण गोंड़, मनीष गोंड़, राजकुमार विश्वकर्मा और रीता देवी शामिल हैं। सभी घायलों का उपचार मरदह सीएचसी में कराया गया।

मरदह थानाध्यक्ष तारावती यादव ने बताया कि पुलिस ने मारपीट करने वाले कुछ लोगों को हिरासत में लिया है और मामले की जांच की जा रही है।