गाजीपुर में स्कूल बस-ट्रेलर की टक्कर, चालक घायल; बच्चे सुरक्षित
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. मऊ-मरदह मार्ग पर रायपुर बाघपुर गांव के पास शुक्रवार को एक स्कूल बस और ट्रेलर की टक्कर हो गई। यह बस बच्चों को स्कूल से उनके घर लेकर जा रही थी। इस हादसे में स्कूल बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि ट्रेलर सड़क से उतरकर खाई की ओर लटक गया। बस में सवार सभी चार बच्चे सुरक्षित बच गए।
स्कूल बस के चालक नन्हकू यादव (निवासी देऊँपुर गाई, थाना मरदह) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए मऊ स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दुर्घटना के बाद बच्चों को दूसरे वाहन से उनके घर पहुंचाया गया। मरदह थाना प्रभारी तारावती यादव ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच कर रही है।
