गाजीपुर में दर्जनों युवकों ने पेट्रोल पंप पर किया हमला, दो भाइयों समेत 30 पर FIR
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के जखनिया थाना क्षेत्र के सोनहड़ा मोड़ ओडराई स्टेट हाईवे स्थित बिकायल फिलिंग स्टेशन पर पेट्रोल लेने को लेकर हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि दो युवकों ने अपने दर्जनों साथियों को बुलाकर पेट्रोल पंप पर हमला कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ उपद्रवियों को हिरासत में लिया है।
पंप के प्रोपराइटर मोतीलाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 14 मई की देर शाम दो युवक पेट्रोल लेने पहुंचे थे। इस दौरान उनकी पंप ऑपरेटर से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर युवकों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देने लगे। इसके बाद उन्होंने फोन कर 20 से 30 अन्य युवकों को मौके पर बुला लिया। तहरीर के अनुसार, मौके पर पहुंची भीड़ ने मारपीट की और पुलिस की मौजूदगी में भी अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी दी। घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष वागीश विक्रम सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने तत्काल स्थिति को नियंत्रित करते हुए उपद्रवियों को खदेड़ा और कुछ लोगों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। पुलिस की तत्परता से बड़ा हादसा होने से टल गया।
थानाध्यक्ष वागीश विक्रम सिंह ने बताया कि प्रोपराइटर मोतीलाल की शिकायत पर हरसरपुर निवासी दो सगे भाइयों अप्पू सिंह और अभिषेक सिंह को नामजद किया गया है। इसके अलावा 20 से 30 अज्ञात युवकों के खिलाफ SC/ST एक्ट समेत आईपीसी की विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस का कहना है कि अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। थानाध्यक्ष ने चेतावनी देते हुए कहा कि कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
