Today Breaking News

गंगा में स्नान करते समय‌ युवक डूबा, गाजीपुर से बाबा विश्वनाथ के दर्शन करने आया था

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के जमानियां के अठहठा गांव निवासी 27 वर्षीय तुषार राय की मंगलवार को वाराणसी के प्रसिद्ध तुलसी घाट पर गंगा स्नान के दौरान डूबने से मृत्यु हो गई। तुषार इंश्योरेंस सेक्टर में कार्यरत थे।
परिजनों के अनुसार, तुषार अपनी माता गायत्री देवी को डॉक्टर को दिखाने वाराणसी ले गए थे। डॉक्टर के पास जाने से पहले मां-बेटे गंगा स्नान के लिए तुलसी घाट पहुंचे थे।

स्नान के दौरान उनकी माता गायत्री देवी सुरक्षित बाहर आ गईं, लेकिन तुषार गहरे पानी में चले गए और गंगा की लहरों में समा गए। इस घटना से घाट पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही पुलिस और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। काफी खोजबीन के बाद युवक का शव गंगा से बाहर निकाला गया।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन वाराणसी के लिए रवाना हो गए। युवक का अंतिम संस्कार वाराणसी में ही किया गया, जहां उनके बड़े भाई अमित राय ने मुखाग्नि दी।

तुषार राय तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनकी मृत्यु से अठहठा गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। मृतक के बड़े भाई अमित राय पूर्व में स्वामी सहजानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय छात्रसंघ अध्यक्ष भी रह चुके हैं।

प्रभारी निरीक्षक राजू दिवाकर के मुताबिक घटना की सूचना मिली है,शव का पोस्टमार्टम के बाद उसे परिजनों को‌ सुपुर्द कर दिया गया है।