गाजीपुर में बिंदु होटल कारोबारी के बेटे की गोली मारकर हत्या, 4 गोलियां मारीं
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में होटल कारोबारी के 29 साल के बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। शुक्रवार रात 4 नकाबपोश बदमाशों ने होटल के गेट पर घेरकर चार गोलियां मारीं। चारों बदमाश 2 बाइक से बियर लेने के बहाने पहुंचे थे।
इस दौरान होटल मालिक आलोक राय के बेटे विनीत घर के लिए निकल रहे थे। वह गाड़ी की तरफ बढ़ रहे थे, तभी बदमाशों ने दो पिस्टल से विनीत पर फायरिंग शुरू कर दी। हाथ और कमर में एक-एक गोली लगी, जबकि सीने में दो गोलियां मारीं।
बदमाशों ने गार्ड को भी मारने के लिए दौड़ाया। उसने भागकर जान बचाई। इसके बाद बदमाश हवाई फायरिंग करते हुए फरार हो गए। गार्ड ने होटल मालिक को फोन कर सूचना दी। विनीत को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
कारोबारी ने शंकर पांडेय नाम के अपराधी पर हत्या का आरोप लगाया है। कहा- रंगदारी नहीं देने पर उसने हत्या कर दी। हर साल एक करोड़ रुपए टैक्स देता हूं। फिर भी मेरा परिवार सुरक्षित नहीं है। विनीत की एक साल पहले शादी हुई थी। उनकी दो महीने की एक बेटी है। मामला सदर कोतवाली क्षेत्र के बिंदु होटल का है।
![]() |
| विनीत की एक साल पहले शादी हुई थी। |
करीब एक बीघे जमीन में फैला बिंदु होटल 2012 से संचालित हो रहा है। होटल में कुल 50 कमरे हैं और इसका सालाना टर्नओवर 50 लाख रुपये से अधिक बताया जाता है। वर्तमान में होटल का रेनोवेशन कार्य चल रहा है। मृतक विनीत राय ने एमएससी और डी.फार्मा की पढ़ाई की थी और होटल के संचालन और प्रबंधन की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
1- नकाबपोश बदमाशों ने पहले बियर मांगी, फिर फायरिंग की होटल बिंदु के मालिक आलोक राय और अरविंद राय दोनों भाई हैं। 2012 में दोनों भाइयों ने एक बीघे जमीन में होटल बनवाया था। इसमें 50 कमरे हैं। आलोक राय के दो बेटे विनीत और आदेश (27) हैं। डी-फार्मा करने के बाद विनीत ही होटल चलाता था। वह होटल का रेनोवेशन करवा रहा था। उसकी शादी पिछले साल 18 मई को हुई थी।
शुक्रवार को विनीत होटल में ही था। रात 11 बजे वह होटल में खाना-पीना खाकर घर के लिए निकला, लेकिन गेट पर ही उसे कुछ काम याद आ गया। वह फिर होटल के अंदर चला गया। इसी बीच, दो बाइक पर सवार चारों बदमाश पहुंचे। उन्होंने गेट पर खड़े गार्ड शंभू से पूछा- बियर मिलेगी? जवाब में शंभू ने कहा-हां, मिलेगी।
![]() |
| पुलिस ने होटल पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया |
इसके बाद बदमाशों ने कहा- 16 बियर चाहिए। इस पर शंभू ने कहा- पहले पैसे दीजिए। बदमाशों ने कहा कि ऑनलाइन पेमेंट करेंगे। इसके बाद शंभू होटल मैनेजर का फोन लेकर आया, क्यूआर कोड दिखाया और पेमेंट करने को कहा। इस पर बदमाश बोले कि 16 नहीं, सिर्फ 8 बियर चाहिए। गार्ड ने बताया कि अब एक्स्ट्रा पैसे लगेंगे। इसी दौरान विनीत होटल से बाहर निकले और अपनी कार की तरफ बढ़े। तभी बदमाशों ने कमर से पिस्टल निकाली और विनीत को घेर लिया।
2- जान बचाकर भागे तो सीने में मारीं दो गोलियां दो बदमाशों ने पिस्टल से फायरिंग शुरू कर दी। पहली गोली विनीत के दाएं हाथ में लगी। विनीत जान बचाकर भागे तो बदमाशों ने कमर में गोली मार दी। जैसे ही वह लड़खड़ाए, सीने में दो गोलियां मार दीं। इसके बाद विनीत वहीं गिर पड़े।
3- प्रत्यक्षदर्शी गार्ड को भी मारने के लिए दौड़ाया इसके बाद बदमाशों ने गार्ड को भी मारने के लिए दौड़ाया। वह भागकर होटल के अंदर चला गया और होटल का चैनल बंद कर लिया। गार्ड शंभू ने अंदर जाकर विनीत के पिता आलोक राय को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही आलोक राय अपने भाई अरविंद और परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे।
वहां देखा कि गेट पर ही उनका बेटा विनीत लहूलुहान हालत में पड़ा है। आनन-फानन में उसे मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने होटल पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और सबूत इकट्ठा किए। घटना की सूचना पर एडीजी पीयूष मोर्डिया भी मौके पर पहुंचे और विनीत के परिजनों से मुलाकात की।
पिता बोले- कुख्यात अपराधी शंकर ने बेटे की हत्या की होटल कारोबारी आलोक राय ने बताया, “कुख्यात अपराधी शंकर पांडे ने अपने चार-पांच साथियों के साथ मिलकर मेरे बेटे की हत्या की। 2024 में इस गैंग ने मुझसे पैसे मांगे थे। जब मैंने नहीं दिए तो होटल पर हमला किया गया। आरोपियों ने होटल के शीशे और अन्य सामान तोड़ दिए थे।
मैंने डीजीपी, मुख्यमंत्री, एडीजी और एसपी समेत कई अधिकारियों से लिखित शिकायत की थी, लेकिन आरोपी के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। मैं सीएम योगी से मांग करता हूं कि इस गिरोह का सफाया किया जाए।”
कौन है शंकर पांडेय, जिस पर हत्या का आरोप पुलिस सूत्रों के मुताबिक शंकर पांडेय क्षेत्र का कुख्यात अपराधी है। वह ‘कटरा गैंग’ नाम से गिरोह चलाता है। इस गैंग में कई युवक शामिल हैं, जो लूटपाट, दबंगई और अवैध वसूली जैसी घटनाओं को अंजाम देते हैं। गैंग एक वॉट्सएप ग्रुप के जरिए संचालित होता है। जब किसी वारदात को अंजाम देना होता है, तो ग्रुप में मैसेज आता है। इसके बाद बदमाश घटना को अंजाम देकर फरार हो जाते हैं।
कारोबारी आलोक राय के जीजा उदय सिंह ने बताया कि घटनास्थल से छह-सात खोखे भी बरामद हुए हैं। एडीजी से मुलाकात हुई है और उन्होंने मामले में न्याय की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी समय पर मौके पर नहीं पहुंचे। यदि तत्काल नाकेबंदी और घेराबंदी की गई होती तो आरोपियों को उसी रात पकड़ा जा सकता था। परिवार को निष्पक्ष जांच आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की उम्मीद है।
मामले में चार लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की गई है। गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगाई गई हैं। आरोपियों में शंकर पांडे भी शामिल है, जिसका पीड़ित पक्ष के साथ पहले से विवाद चल रहा था। यदि कटरा गैंग की संलिप्तता सामने आती है और यह प्रमाणित होता है कि गिरोह के सदस्य पूर्व में भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं तो गैंगस्टर एक्ट की भी कार्रवाई की जाएगी। - डीआईजी वैभव कृष्ण वाराणसी रेंज.


