गाजीपुर में नहाने गए दो नाबालिग भाइयों की नहर में डूबकर मौत
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के शादियाबाद थाना क्षेत्र के कनुवान ग्राम सभा में गुरुवार सुबह गुरैनी-बलोरी नहर में नहाने गए दो सगे भाइयों की डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, जगत राम उर्फ जग्गू कनौजिया के पुत्र किशन कनौजिया (14) और शिवराज कनौजिया (13) अपने सबसे छोटे भाई अनंत राज के साथ सुबह नहर पर नहाने गए थे।
नहाने के दौरान शिवराज का पैर फिसल गया या वह नहर की गहराई का अंदाजा नहीं लगा सका, जिससे वह डूबने लगा।
छोटे भाई को बचाने के लिए किनारे पर खड़ा बड़ा भाई किशन तुरंत नहर में कूद पड़ा। हालांकि पानी का तेज बहाव और अधिक गहराई होने के कारण किशन भी खुद को संभाल नहीं सका। दोनों भाई एक-दूसरे को बचाने की कोशिश में गहरे पानी में समा गए। घटना को सबसे छोटे भाई अनंत राज ने अपनी आंखों के सामने देखा। वह घबराकर जोर-जोर से चीखने लगा।
उसकी आवाज सुनकर खेतों में काम कर रहे ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंचे और तुरंत नहर में उतर गए। ग्रामीणों ने काफी प्रयास के बाद दोनों बच्चों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
दोनों भाइयों की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। गांव के लोग भी बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। जखनियां के उपजिलाधिकारी अतुल कुमार ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि प्रशासन पीड़ित परिवार के साथ पूरी संवेदनशीलता से खड़ा है।
उन्होंने कहा कि नियमानुसार परिवार को हर संभव सरकारी और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
