गाजीपुर में तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से बाइक सवार चाचा-भतीजे की मौत, मौके पर ही तोड़ा दम
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के सादात थाना क्षेत्र स्थित टांड़ा चट्टी पर गुरुवार को एक सड़क हादसे में बाइक सवार चाचा-भतीजा की मौत हो गई। तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार भतीजे संदीप यादव की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल चाचा मनोज यादव को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान बहरियाबाद थाना क्षेत्र के सलेमपुर बघाईं निवासी 38 वर्षीय मनोज यादव (पुत्र सत्यनारायण यादव) और उनके भतीजे 23 वर्षीय संदीप यादव (पुत्र रामजी यादव) के रूप में हुई है।
मनोज यादव और संदीप यादव किसी काम से बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। टांड़ा चट्टी के पास मजुई से बहरियाबाद की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों सड़क पर गिर गए। दुर्घटनास्थल पर तुरंत भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर सादात थानाध्यक्ष पन्नेलाल यादव और बहरियाबाद थानाध्यक्ष बृजेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने संदीप यादव के शव को कब्जे में लिया और घायल मनोज यादव को एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है।
संदीप और मनोज यादव रिश्ते में चाचा-भतीजा थे और उनके घर अगल-बगल स्थित हैं। हादसे की खबर मिलने पर संदीप की मां माधुरी देवी, बहन रुचि यादव, प्रियंका और प्रीति अस्पताल पहुंचे। मनोज यादव की पत्नी और परिवार की अन्य महिलाएं भी सादात थाने पहुंचीं।
इस बीच, मनोज यादव का शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजे जाने को लेकर ग्रामीण नाराज हो गए और उन्होंने तहरीर देने से इनकार कर दिया। सूचना मिलने पर सीओ रामकृष्ण तिवारी थाने पहुंचे और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद पुलिस ने तहरीर लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
