गाजीपुर में बाइक बिजली पोल से टकराई, किशोर की मौत
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के मौधा-जोगीबीर बाबा मंदिर के पास गुरुवार को एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकरा गई। इस हादसे में बाइक पर सवार 13 वर्षीय प्रियांशु राजभर की गंभीर चोटों के कारण मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि छोटू चौहान पुत्र दारा चौहान मौधा से अमेदा की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान जोगीबीर बाबा मंदिर के पास उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही मौधा चौकी इंचार्ज तत्काल मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल प्रियांशु को अपनी गाड़ी से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खानपुर पहुंचाया।
प्राथमिक उपचार के बाद प्रियांशु की हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। हालांकि, अस्पताल पहुंचते ही प्रियांशु पुत्र रामसमझावन ने दम तोड़ दिया।
मृतक प्रियांशु तीन भाइयों में तीसरे नंबर का था। उसकी मां रेखा राजभर, पिता रामसमझावन और दादी मननी का रो-रोकर बुरा हाल है। बड़े भाई युवराज और प्रिंस इस सदमे में हैं। परिजनों ने बताया कि एक वर्ष के भीतर परिवार में यह दूसरी मौत है, जिससे पूरा परिवार टूट गया है। इस घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
