Today Breaking News

गाजीपुर में 12 साल बाद मिला जमीन का हक, डीएम के निर्देश पर चार विवाद सुलझाए

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के जखनिया क्षेत्र में दशकों से चले आ रहे भूमि विवादों के निस्तारण के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देश और उप जिलाधिकारी अतुल कुमार के आदेश पर राजस्व तथा पुलिस की संयुक्त टीम ने जफरपुर, छतमा और चुरामनपुर गांवों में चार पुराने और जटिल भूमि विवादों का मौके पर समाधान किया। इस कार्रवाई से लंबे समय से न्याय की प्रतीक्षा कर रहे पीड़ितों को अपनी भूमि का अधिकार मिल गया।
राजस्व निरीक्षक धीरेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में पहुंची टीम ने छतमा गांव के रामू राजभर को बड़ी राहत दिलाई। रामू राजभर बनाम ग्राम पंचायत मामले में न्यायालय ने धारा 24 के तहत आदेश पारित किया था। पैमाइश न होने और अन्य विवादों के कारण रामू पिछले 12 वर्षों से अपनी ही भूमिधरी जमीन पर खेती नहीं कर पा रहे थे।


पुलिस बल की मौजूदगी में राजस्व टीम ने न केवल भूमि की पैमाइश पूरी कराई, बल्कि ग्रामीणों की उपस्थिति में मौके पर ही पीड़ित की जमीन को जुतवाकर कब्जा बहाल कराया। यह कार्रवाई रामू राजभर के लिए 12 साल बाद अपनी जमीन पर अधिकार मिलने जैसी थी।

राजस्व निरीक्षक ने जफरपुर गांव में रामचंद्र बनाम रामबली के एक अन्य मामले का भी जिक्र किया। गाटा संख्या 370 (क्षेत्रफल 0.316) से संबंधित यह विवाद पिछले 10 वर्षों से लंबित था। वादी रामचंद्र न्याय पाने के लिए लगातार सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगा रहे थे। टीम ने मौके पर पहुंचकर कानूनी प्रक्रिया के तहत इस आदेश का भी शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराया।


कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दुल्लहपुर थाने के उपनिरीक्षक (एसआई) श्रीमन नारायण पाठक पुलिस बल के साथ मौके पर मुस्तैद रहे। इस दौरान लेखपाल सौरभ सिंह, आशुतोष पांडे, राकेश यादव, मुकेश कुमार सहित कई पुलिस कांस्टेबल और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे। प्रशासन की इस त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई की पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है।