Today Breaking News

गाजीपुर में गहरे नाले में पलटा सवारी ऑटो, यात्री बाल-बाल बचे

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. सैदपुर में रविवार को स्थानीय थाने के सामने भीमापार मार्ग पर एक सवारी ऑटो गहरे खुले नाले में पलट गया। इस हादसे में ऑटो सवार यात्रियों को मामूली चोटें आईं, लेकिन एक बड़ा हादसा टल गया। यह घटना सैदपुर नगर पंचायत और कोतवाली की कथित लापरवाही का परिणाम बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, सैदपुर क्षेत्र के हीरानंदपुर गांव के आधा दर्जन लोग परिवार के साथ मारकंडेय महादेव धाम से दर्शन कर घर लौट रहे थे। ऑटो जैसे ही सैदपुर कोतवाली के सामने भीमापार मार्ग की ओर मुड़ा, सामने से एक बस आ गई। बस से बचने के प्रयास में चालक ने ऑटो को किनारे किया, जिससे वह सड़क से सटे गहरे खुले नाले में जा गिरा।

आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ऑटो में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद ऑटो को भी नाले से बाहर निकाला गया। वाराणसी के कैथी निवासी ऑटो चालक अभिषेक यादव ने बताया कि थाने के सामने का यह मोड़ बेहद खतरनाक है।

यादव ने आरोप लगाया कि मार्ग के एक तरफ पुलिस ने अपने जब्त वाहनों को खड़ा कर रखा है, जिससे सड़क का कुछ हिस्सा अवरुद्ध हो जाता है। वहीं, दूसरी तरफ सड़क से सटा हुआ एक गहरा खुला नाला है और पटरी नदारद है। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में इस स्थान पर एक साथ दो वाहनों का गुजरना अत्यंत कठिन हो जाता है।

चालक अभिषेक यादव ने संतोष व्यक्त किया कि हादसे में किसी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई, हालांकि ऑटो को थोड़ा नुकसान हुआ है। स्थानीय लोगों ने भी पुष्टि की कि इस जगह पर अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं और यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो भविष्य में कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है।

इस मामले में सैदपुर नगर पंचायत अध्यक्ष सुशीला सोनकर ने बताया कि नाले को दुरुस्त करने के लिए टेंडर निकाला गया था, जो कुछ कारणों से निरस्त हो गया है। उन्होंने कहा कि नाले को ढककर सुरक्षित करने के लिए पुनः टेंडर प्रक्रिया में है और जल्द ही काम शुरू किया जाएगा।