Today Breaking News

गाजीपुर में बालू लदा ट्रक अनियंत्रित, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर 200 मीटर रेलिंग क्षतिग्रस्त

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर रविवार को एक बालू लदा ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए विपरीत लेन में जा घुसा। हादसे में ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया और लगभग 200 मीटर लोहे की रेलिंग क्षतिग्रस्त हो गई।
ट्रक चालक की पहचान सुल्तानपुर जिले के कोहरा गांव निवासी विकास यादव के रूप में हुई है। विकास यादव ने बताया कि टायर फटने के कारण गाड़ी अनियंत्रित हो गई थी। जानकारी के अनुसार, ट्रक बिहार से बालू लादकर गोरखपुर जा रहा था, तभी यह हादसा हुआ।

घटना की सूचना मिलते ही पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की सुरक्षा और रेस्क्यू टीम तत्काल मौके पर पहुंची। ट्रक का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था, जिससे चालक अंदर फंस गया था। रेस्क्यू टीम ने काफी मशक्कत के बाद कटर और अन्य उपकरणों की सहायता से केबिन काटकर घायल विकास यादव को सुरक्षित बाहर निकाला।

प्राथमिक उपचार के बाद घायल चालक को तुरंत नजदीकी अस्पताल भेजा गया। हादसे के कारण एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा, जिसे सुरक्षाकर्मियों ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन को हटाकर पुनः सुचारु कराया। इस संबंध में मरदह थाना प्रभारी तारावती ने बताया कि उन्हें अभी तक दुर्घटना की सूचना नहीं मिली है।