गाजीपुर में 3.44 करोड़ की लागत से बना प्रवेश द्वार, रात में रंग-बिरंगी लाइटों से होगा रोशन
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले के भदौरा ब्लॉक स्थित कर्मनाशा नदी पुल के पास उत्तर प्रदेश और बिहार की सीमा पर एक भव्य स्वागत द्वार बनकर तैयार हो गया है। लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा करीब 3.44 करोड़ रुपए की लागत से बनाए गए इस प्रवेश द्वार का उद्देश्य बिहार से उत्तर प्रदेश में आने वाले यात्रियों का स्वागत करना और उन्हें राज्य व जिले में प्रवेश की स्पष्ट जानकारी देना है।
अब तक बिहार से आने वाले कई यात्रियों को यह पता नहीं चल पाता था कि वे कब उत्तर प्रदेश और गाजीपुर जिले की सीमा में प्रवेश कर चुके हैं। नए स्वागत द्वार के बनने से यात्रियों को यह जानकारी आसानी से मिल सकेगी।
जमानियां विधायक ओमप्रकाश सिंह के प्रतिनिधि मन्नू सिंह ने बताया कि यह स्वागत द्वार देवल-दिलदारनगर मार्ग पर बनाया गया है। भदौरा ब्लॉक बिहार के बक्सर जिले से सटा हुआ है, इसलिए यह क्षेत्र के लिए विशेष महत्व रखता है। उन्होंने कहा कि यह द्वार जिले की पहचान को नई पहचान देगा।
PWD अधिकारियों ने नेशनल हाईवे-124C के बारा स्थित बिहार सीमा पर भी प्रवेश द्वार बनाने में रुचि दिखाई थी, लेकिन राष्ट्रीय राजमार्ग के अधीन होने के कारण वहां निर्माण नहीं हो सका।
स्वागत द्वार पर बिहार से आने वाले लोगों के स्वागत संबंधी स्लोगन भी लिखे जाएंगे। साथ ही रात में यह रंग-बिरंगी लाइटों से जगमग करेगा, जिससे इसकी सुंदरता और बढ़ जाएगी। सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों में इस निर्माण को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।
ग्राम प्रधान देवल नरेंद्र प्रताप सिंह, श्री सिंह, दीपविजय सिंह ‘अप्पू’ और सुनील चौधरी ने कहा कि स्वागत द्वार बनने से यात्रियों को अब उत्तर प्रदेश और बिहार की सीमा की स्पष्ट जानकारी मिलेगी और यात्रा अधिक सुगम होगी।
