Today Breaking News

गाजीपुर में पॉक्सो एक्ट का वांछित आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के करण्डा थाना क्षेत्र में रविवार रात पॉक्सो एक्ट के वांछित आरोपी मोहम्मद तस्लीम को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी।
पुलिस के अनुसार, मैनपुर ताल के पास चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पॉक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं में वांछित मोहम्मद तस्लीम वहां आने वाला है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर आरोपी को रोकने का प्रयास किया। खुद को घिरा देख तस्लीम ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें गोली उसके दाहिने पैर में लगी और वह घायल हो गया।

घायल आरोपी मोहम्मद तस्लीम, जो मैनपुर थाना करण्डा का निवासी है, को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करण्डा में भर्ती कराया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी तमंचा .315 बोर, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई।

पुलिस ने बताया कि तस्लीम करण्डा थाने में दर्ज पॉक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता से जुड़े एक मामले में पहले से वांछित चल रहा था। मुठभेड़ और अवैध हथियार बरामद होने के बाद उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में एक और मुकदमा दर्ज किया गया है।

यह कार्रवाई थाना प्रभारी संतोष कुमार पाठक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने की। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। फरार और वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान तेज किया गया है। घायल आरोपी का इलाज जारी है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।