Today Breaking News

गाजीपुर में ट्रेलर-कार की टक्कर, दो घायल, चालक हिरासत में

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के गहमर कोतवाली क्षेत्र के भदौरा गांव में सोमवार शाम नेशनल हाईवे 124-सी पर एक ट्रेलर और कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में कार सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने ट्रेलर चालक को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना सोमवार शाम करीब चार बजे हुई। गाजीपुर निवासी अशोक यादव (पुत्र रामदरस यादव, अंधऊ लोकवापुर) और प्रदुम्न तिवारी (पुत्र रामअवध तिवारी, राजदेवपुर देहाती) अपनी कार से भदौरा से गाजीपुर जा रहे थे। भदौरा गांव स्थित धर्म कांटा के पास विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर से उनकी कार टकरा गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में कार सवार दोनों व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। हालांकि, कार के एयरबैग खुलने से उनकी जान बच गई और एक बड़ा हादसा टल गया।

घटना की सूचना मिलते ही सेवराई चौकी इंचार्ज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को कार से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को जेसीबी की मदद से हटवाकर चौकी भिजवा दिया है। ट्रेलर चालक को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है।

इस संबंध में गहमर कोतवाल प्रमोद सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।