Today Breaking News

गाजीपुर एसपी ने बकरीद से पहले की पीस कमेटी बैठक, कहा: त्योहार शांति से मनाएं

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर पुलिस लाइन सभागार में सोमवार देर शाम आगामी त्योहार बकरीद सहित अन्य पर्वों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने की। इसका मुख्य उद्देश्य जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखना, विभिन्न समुदायों के बीच आपसी समन्वय मजबूत करना और त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह या विवाद की स्थिति को रोकना था। बैठक में अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण एवं नगर), सभी क्षेत्राधिकारी, विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए धर्मगुरु, शांति समिति के पदाधिकारी और कई संभ्रांत नागरिक प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान धर्मगुरुओं और संभ्रांत नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने गए। अधिकारियों ने त्योहारों के दौरान प्रशासन और जनता के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर चर्चा की।

साथ ही, लोगों से सरकार की गाइडलाइन का पालन करते हुए भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की गई। पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने सभी थाना प्रभारियों और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहें। उन्होंने संवेदनशील गांवों और धार्मिक स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा।

एसपी ने यह भी निर्देश दिया कि सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जाए और किसी भी अफवाह पर तत्काल कार्रवाई की जाए। पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि त्योहारों के दौरान आमजन को सुरक्षा का बेहतर माहौल उपलब्ध कराया जाए, ताकि सभी पर्व सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सकें।