Today Breaking News

गाजीपुर में अंतिम संस्कार में आए व्यक्ति की गंगा में डूबकर मौत

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. सैदपुर में एक व्यक्ति गंगा नदी में डूब गया। 40 वर्षीय सेवालाल राजभर अपने भाई मेवा लाल की डेढ़ वर्षीय भतीजी के अंतिम संस्कार में शामिल होने आए थे। यह घटना दोपहर करीब 3 बजे खानपुर थाना क्षेत्र के पटना गांव स्थित मठिया घाट पर हुई।
सेवालाल राजभर सैदपुर थाना क्षेत्र के उसरहा खुर्द गांव निवासी सरजू राजभर के पुत्र थे। अंतिम संस्कार के बाद वे गंगा में स्नान करने गए थे। स्नान के दौरान वे गहरे पानी में चले गए और डूब गए।

घटना की सूचना मिलते ही खानपुर पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की मदद से गंगा नदी में सेवालाल के शव की तलाश शुरू की गई। हालांकि, गहरे पानी के कारण अभी तक उनका शव नहीं मिल पाया है।

मृतक सेवालाल राजभर अपने पीछे पत्नी और दो युवा पुत्रों को छोड़ गए हैं। घटना के बाद से उनका परिवार गहरे सदमे में है और नदी में तलाश अभियान में सहयोग कर रहा है।

खानपुर थाना अध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि स्थानीय गोताखोरों की मदद से अंधेरा होने तक नदी में शव की तलाश की गई, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। उन्होंने आगे बताया कि सुबह एनडीआरएफ की टीम के पहुंचने के बाद पुनः तलाश शुरू कराई जाएगी।