Today Breaking News

सपा विधायक ओमप्रकाश सिंह 'खनन, शराब, भू-माफिया और ट्रांसफर गिरोह का सरगना' - पूर्व मंत्री विजय मिश्र

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा नेता और पूर्व मंत्री विजय मिश्र ने जमानियां से सपा विधायक ओमप्रकाश सिंह पर हमला करते हुए उन्हें 'खनन माफिया, भू-माफिया, शराब माफिया और ट्रांसफर गिरोह का सरगना' बताया।
विजय मिश्र ने कहा कि समाजवादी पार्टी के नेताओं की बयानबाजी राजनीतिक मर्यादा के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता अब उनके लंबे राजनीतिक कार्यकाल का हिसाब मांग रही है।

पूर्व मंत्री ने जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा का बचाव किया। उन्होंने कहा कि मनोज सिन्हा गाजीपुर का गौरव हैं और उन्होंने जिले के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। मिश्र ने आरोप लगाया कि ओमप्रकाश सिंह बिना तथ्यों के मनोज सिन्हा पर टिप्पणी कर रहे हैं। विजय मिश्र ने सपा नेताओं को दूसरों पर सवाल उठाने से पहले आत्ममंथन करने की सलाह दी।

भाजपा नेता ने सपा और कांग्रेस दोनों पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्षी दलों के पास जनता के सामने रखने के लिए कोई ठोस रोडमैप नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि ये दल केवल आरोप-प्रत्यारोप, तुष्टिकरण और जातीय समीकरणों की राजनीति कर रहे हैं। विजय मिश्र ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को मिल रहे जनसमर्थन से विपक्ष बौखलाया हुआ है, इसलिए ऐसे बयान दिए जा रहे हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान दौर में राजनीति का स्तर लगातार गिर रहा है और नेताओं के बीच आपत्तिजनक बयानबाजी की प्रतिस्पर्धा शुरू हो गई है। साथ ही, विजय मिश्र ने प्रधानमंत्री मोदी की ईंधन बचाने और अनावश्यक सोने की खरीद से बचने की अपील का समर्थन करते हुए कहा कि देशहित में जनता को संसाधनों के संतुलित उपयोग की दिशा में आगे आना चाहिए।