Today Breaking News

गाजीपुर में सरकारी जमीन से राजस्व और पुलिस टीम ने JCB से हटवाया अवैध निर्माण

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देश पर सरकारी भूमि से अवैध कब्जा हटाने का अभियान जारी है। इसी कड़ी में शनिवार को सदर तहसील क्षेत्र के रसूलपुर कन्धवारा ग्राम सभा में बड़ी कार्रवाई की गई। राजस्व विभाग और पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से गाटा संख्या 769 की 0.1540 हेक्टेयर सरकारी भूमि को जेसीबी की मदद से कब्जा मुक्त कराया।
राजस्व निरीक्षक विनोद कुमार यादव ने बताया कि यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता की धारा 67 के तहत की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संबंधित भूमि राजस्व अभिलेख खतौनी में सरकारी भूमि के रूप में दर्ज है। कार्रवाई से पहले राजस्व टीम और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। इस दौरान ग्राम प्रधान और गांव के सम्मानित नागरिक भी उपस्थित रहे। टीम ने पैमाइश उपकरण जरीब और गुनिया का उपयोग कर भूमि का सीमांकन किया। सभी उपकरणों की जांच के बाद गाटा संख्या 769 की विधिवत नापी कर निशानदेही की गई। सीमांकन के दौरान भूमि पर अस्थायी रूप से किया गया अवैध कब्जा पाया गया, जिसे प्रशासन ने तुरंत हटवा दिया।

कार्रवाई पूरी होने के बाद, कब्जा मुक्त कराई गई सरकारी भूमि को सुरक्षा और देखरेख के लिए ग्राम प्रधान की अभिरक्षा में सौंप दिया गया। राजस्व विभाग, पुलिस टीम और उपस्थित लोगों के हस्ताक्षर के साथ कार्रवाई की प्रक्रिया संपन्न हुई। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह का अभियान जारी रहेगा।