गाजीपुर में दिनदहाड़े पिस्टल दिखाकर चेन और मोबाइल छीना
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में सादात थाना क्षेत्र में मखदुमपुर से खीदिरगंज जाने वाले सड़क पर कुवाटी गांव के पास दिनदहाड़े लूट की गई। बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने युवक को पिस्टल दिखाकर युवक से सोने की चेन और मोबाइल छीन लिया और मौके से फरार हो गए।
पीड़ित आदित्य सिंह पुत्र कपिलदेव सिंह, निवासी तियरा थाना मेहनाजपुर ने बताया कि वह कथवलिया गांव से अपने घर तियरा जा रहे थे। इसी दौरान कुवाटी गांव से पहले पीछे से पल्सर बाइक (जिस पर ‘2’ अंकित था) पर सवार दो बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक कर रोक लिया। दोनों ने चेहरे गमछे से ढक रखे थे और पिस्टल तानकर धमकाया। आदित्य सिंह ने बताया कि बदमाशों ने उनसे 10 ग्राम की सोने की चेन और मोबाइल फोन छीन लिया और फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी, जिस पर मखदुमपुर चौकी प्रभारी पुनीत कुमार चौधरी और थाना अध्यक्ष पन्नेलाल यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, थाना अध्यक्ष पन्नेलाल यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।
