गाजीपुर में अवैध तमंचे के साथ युवक गिरफ्तार, कानूनी कार्रवाई शुरू
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के खानपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक व्यक्ति को अवैध तमंचे और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी 16 मई को देर रात 01:18 बजे रामपुर गांव के पास से हुई। पुलिस ने आरोपी के पास से एक देशी तमंचा 315 बोर और एक जिंदा कारतूस 315 बोर बरामद किया है। पुलिस टीम अपराधों की रोकथाम के लिए चेकिंग कर रही थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति अवैध असलहे के साथ अमेहता गांव से रामपुर के रास्ते औड़िहार स्टेशन की ओर पैदल जा रहा है।
सूचना मिलते ही थाना खानपुर की पुलिस टीम ने तत्काल दबिश दी और आरोपी को मौके से पकड़ लिया।गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान आकाश यादव (उम्र करीब 26 वर्ष) पुत्र बिरजू यादव निवासी ग्राम अमेहता, थाना खानपुर, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
आकाश यादव का आपराधिक इतिहास भी है। उसके खिलाफ खानपुर थाने में आर्म्स एक्ट की धारा के तहत मुकदमा दर्ज है। इसके अतिरिक्त, उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 401 के तहत जीआरपी अनुभाग प्रयागराज और जीआरपी वाराणसी में भी मामले दर्ज हैं।इस गिरफ्तारी को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सुधीर कुमार राय, हेड कांस्टेबल बलराम तिवारी, कांस्टेबल बृजेन्द्र द्विवेदी और रिजर्व कांस्टेबल अभिषेक कुमार शामिल थे।
