Today Breaking News

गाजीपुर में झोपड़ी पर वज्रपात से दंपति की मौत, SDM ने परिजनों से की मुलाकात

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. भांवरकोल थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम ज्ञानपुर में सोमवार रात आंधी और बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से दंपति की मौत हो गई। मृतकों की पहचान सुकर राजभर और उनकी पत्नी शिवकुमारी देवी के रूप में हुई है।
4 मई की रात तेज आंधी-बारिश के बीच झोपड़ी पर वज्रपात हुआ, जिससे दोनों गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मदाबाद लेकर पहुंचे, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद मंगलवार को एसडीएम डॉ. हर्षिता तिवारी ने ग्राम ज्ञानपुर पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने बच्चों को ढांढस बंधाया और हर संभव मदद का आश्वासन दिया।

एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मृतक आश्रितों को दैवीय आपदा राहत योजना के तहत सहायता राशि, अंत्योदय राशन कार्ड तथा अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ तत्काल उपलब्ध कराया जाए। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास उपलब्ध कराने के लिए भी आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।