गाजीपुर मेडिकल कॉलेज में तीमारदार से सुरक्षागार्डों और बाउंसरों ने की मारपीट
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में राजकीय मेडिकल कॉलेज में मरीज और तीमारदारों से अस्पताल के सुरक्षागार्डों और बाउंसरों ने मारपीट की। इसका वीडियो भी सामने आया है। इसमें बाउंसर और गार्ड एक व्यक्ति को लाठी से पीटते दिखाई दे रहे है। इस दौरान एक महिला उसे बचाने की गुहार लगा रही। वह गार्डों को रोक रही है, लेकिन गार्ड और बाउंसर उसे पीट रहे हैं। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी है।
पीड़ित मनोज कुमार यादव का कहना है कि वह अपनी चार साल की बेटी का कान दिखाने मेडिकल कॉलेज पहुंचे थे। डॉक्टर द्वारा दवा लिखे जाने के बाद वह बाहर निकल गए, लेकिन दवा खाने की सही जानकारी लेने के लिए दोबारा डॉक्टर के चैंबर की तरफ जाने लगे। आरोप है कि इसी दौरान सिक्योरिटी में तैनात बाउंसरों ने उन्हें रोक दिया और अभद्रता शुरू कर दी। मनोज कुमार यादव के मुताबिक मामूली कहासुनी के बाद मेडिकल कॉलेज में तैनात बाउंसर अभिमन्यु सिंह ने डंडा लेकर हमला कर दिया। आरोप है कि बाउंसरों ने मनोज, उनकी पत्नी और चार साल की बेटी तक की पिटाई कर दी। घटना में परिवार को चोटें आई हैं। वायरल वीडियो में भी अस्पताल परिसर में हंगामे और मारपीट जैसी स्थिति दिखाई दे रही है।
मारपीट के बाद पीड़ित परिवार कोतवाली पहुंचा और मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस का कहना है कि पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं मेडिकल कॉलेज परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और बाउंसरों के व्यवहार को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं।
