गाजीपुर में लाखों की चोरी, घर से नगदी, जेवरात ले गए चोर
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के जमसड़ा गांव में गुरुवार रात एक घर में लाखों रुपये की चोरी हो गई। अज्ञात चोरों ने घर से नगदी और जेवरात चुरा लिए। इस घटना के बाद परिवार में दहशत का माहौल है। मिली जानकारी के अनुसार, गांव निवासी पन्ना लाल यादव पुत्र स्वर्गीय धर्मदेव यादव रोज की तरह रात में भोजन करने के बाद परिवार सहित सो गए थे।
देर रात अज्ञात चोरों ने घर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद चोरों ने कमरे एवं अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखा लगभग एक लाख रुपये नकद, सोने का हार, मंगलसूत्र, कान की बाली, दो अंगूठियां, एक सोने की चेन समेत चांदी के आभूषण चोरी कर लिए और फरार हो गए। पीड़ित परिवार को घटना की जानकारी सुबह करीब 3:30 बजे हुई, जब उन्होंने घर का सामान बिखरा हुआ और ताले टूटे हुए देखे। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। पीड़ित पन्ना लाल यादव ने बताया कि वे रात लगभग 12 बजे के आसपास घर के बाहर सो गए थे और घर की महिलाएं गर्मी के कारण छत पर चली गई थीं।
उन्होंने संदेह व्यक्त किया कि दो दरवाजों के ताले टूटे होने के बावजूद दरवाजों पर कोई खरोंच नहीं थी और न ही मौके पर कोई टूटा हुआ ताला मिला। लोहे की अलमारी भी टूटी हुई नहीं मिली।
परिवार के कई लोग घर के ऊपर और बाहर सोए थे, फिर भी किसी को चोरी का पता नहीं चला। यह पूरा घटान संदेह के घेरे में नजर आ रहा है
पीड़ित ने मामले की लिखित शिकायत दुल्लहपुर थाने में देकर कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में दुल्लहपुर थाना अध्यक्ष वागीश विक्रम सिंह ने बताया कि मामला काफी संदेह के घेरे में है और यह किसी पारिवारिक विवाद से जुड़ा लग रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
