Today Breaking News

गाजीपुर में 30 फीट गहरे पानी भरे गड्‌ढे में पलटी बस: एक की मौत, कई घायल

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में शुक्रवार शाम करीब 7 बजे बड़ा सड़क हादसा हो गया। पखनपुरा ईदगाह के पास यात्रियों से भरी एक निजी बस करीब 30 फीट गहरे पानी भरे गड्ढे में पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। लोग जान बचाने के लिए बस की खिड़कियों से बाहर निकलने लगे।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। लोगों की मदद से सभी यात्रियों को बाहर निकाला। हादसे में एक यात्री की मौत हो गई। 24 घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया। क्रेन से बस को पानी से बाहर निकलवाया गया। यात्रियों के मुताबिक जाम से बचने के चक्कर में बस को ड्राइवर बैक कर रहा था, तभी हादसा हो गया। मामला भांवरकोल थाना क्षेत्र का है। बस शाम 5 बजे गाजीपुर रौजा बस स्टैंड से बलिया जिले के भरौली के लिए निकली थी। भरौली के पास बिहार का बक्सर बॉर्डर पड़ता है। बस में करीब 50 यात्री सवार थे। गाजीपुर-बलिया नेशनल हाईवे-31 पर भारी जाम लगा हुआ था। चालक बस को बैक कर दूसरे रास्ते से निकालने की कोशिश कर रहा था। तभी बस का पिछला पहिया सड़क किनारे बने पानी भरे गहरे गड्ढे में चला गया और पूरी बस अनियंत्रित होकर पलट गई।

हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे। कई यात्रियों को बस की खिड़कियां तोड़कर बाहर निकाला गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस पहुंचने से पहले ही राहत कार्य शुरू कर दिया था। घायलों को एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल भेजा गया। एक यात्री प्रदीप राय की मौत हो गई। पानी में डूबे एक व्यक्ति की तलाश जारी है।

घटना के बाद गाजीपुर-बलिया नेशनल हाईवे 31 पर करीब दो घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा। मौके पर मोहम्मदाबाद एसडीएम डॉ. हर्षिता तिवारी, एसपी ग्रामीण अतुल सोनकर, मोहम्मदाबाद और भांवरकोल थाने की पुलिस टीम मौजूद रही।