गाजीपुर में पत्रकार के घर पर दबंगों का हमला, मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले के जमानियां स्थित काशी राय पट्टी में एक पत्रकार के घर पर दबंगों के हमले के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को आठ नामजद सहित 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पत्रकार दयाशंकर राय ने आरोप लगाया है कि करीब 50 की संख्या में लाठी-डंडों से लैस युवक उनके घर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है, लेकिन सभी आरोपी फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं। इस घटना के बाद पत्रकारों में भारी आक्रोश है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। पीड़ित पत्रकार दयाशंकर राय, जो एक हिंदी समाचार पत्र से जुड़े हैं, ने पुलिस को दी गई लिखित तहरीर में बताया कि यह घटना एक दिन पहले हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि गांव के कुछ मनबढ़ युवक करीब पचास की संख्या में लाठी-डंडों से लैस होकर उनके दरवाजे पर पहुंच गए थे।
तहरीर के अनुसार, दबंगों ने उनके परिवार के साथ अभद्रता की, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। शोरगुल सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया।
भीड़ जुटती देख आरोपी लाठी-डंडा लहराते हुए धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के बाद गांव में दहशत और तनाव का माहौल बना हुआ है। ग्रामीण भी इस वारदात को लेकर चर्चा कर रहे हैं।
मामले में प्रभारी निरीक्षक राजू दिवाकर ने बताया कि तहरीर के आधार पर आठ नामजद और 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने आश्वस्त किया कि पुलिस आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
