गाजीपुर के उमेश राय हावड़ा उत्तर विधानसभा से विधायक बने, गांव में जीत का जश्न
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले के भांवरकोल क्षेत्र के पलियां बुजुर्ग गांव निवासी उमेश राय ने हावड़ा उत्तर (170) विधानसभा क्षेत्र से जीत दर्ज की है। इस जीत के साथ ही वह पश्चिम बंगाल विधानसभा के सदस्य बन गए हैं।
उनकी जीत की आधिकारिक घोषणा होते ही पलियां बुजुर्ग गांव में खुशी का माहौल छा गया। समर्थकों और ग्रामीणों ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराकर अपनी खुशी का इजहार किया। गांव में जगह-जगह पटाखे छोड़े गए और ढोल-नगाड़ों की धुन पर लोगों ने जश्न मनाया। उमेश राय के आवास पर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। क्षेत्र के बुजुर्ग, युवा और महिलाएं सभी उन्हें शुभकामनाएं देने पहुंचे। समर्थकों का कहना है कि यह जीत उमेश राय के सरल स्वभाव, जनसेवा और क्षेत्र में उनकी सक्रियता का परिणाम है।
इस अवसर पर उमेश राय ने सभी मतदाताओं और समर्थकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह जीत क्षेत्र की जनता की जीत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे क्षेत्र के विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करेंगे। इस जीत से उमेश राय का राजनीतिक कद और भी मजबूत हुआ है।
