गाजीपुर में फर्जी डिग्री धारक शिक्षक गिरफ्तार, भेजा जेल
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. सैदपुर पुलिस ने सोमवार को टाउन नेशनल इंटर कॉलेज के एक अध्यापक शिवाकांत पांडे को फर्जी डिग्री के मामले में गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया।
अध्यापक के खिलाफ यह कार्रवाई चार वर्ष पूर्व तब शुरू हुई, जब टाउन नेशनल इंटर कॉलेज के तत्कालीन प्रधानाचार्य अनिल विश्वकर्मा ने उनके शैक्षणिक प्रमाण पत्रों की जांच शुरू की थी।
प्रधानाचार्य ने तत्कालीन जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) से शिकायत की और आरोप लगाया कि अध्यापक शिवाकांत पांडे की एम.एससी. रसायन विज्ञान और बी.एड. की डिग्रियां फर्जी हैं। जांच के बाद डीआईओएस ने अध्यापक को निलंबित कर विद्यालय के प्रबंधक सनद कुमार पांडे को उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने का निर्देश दिया।
इस निर्देश के बाद बीते 7 मार्च को प्रबंधक द्वारा सैदपुर कोतवाली में अध्यापक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया। इसी के परिणामस्वरूप सोमवार को स्थानीय पुलिस ने फर्जी डिग्री के आरोप में अध्यापक शिवाकांत पांडे को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी अध्यापक शिवाकांत पांडे ने वर्ष 2002 में वाराणसी के एक इंटर कॉलेज से अपनी नौकरी शुरू की थी। वर्ष 2007 से वह सैदपुर नगर के टाउन नेशनल इंटर कॉलेज में कार्यरत थे। जानकारी के अनुसार, आरोपी अध्यापक अब तक सरकार से लगभग 88 लाख रुपये वेतन के रूप में ले चुका है।
