Today Breaking News

गाजीपुर में मुख्तार अंसारी गैंग के 61 ठिकानों पर छापेमारी, 24 गिरफ्तार

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले में सोमवार पुलिस द्वारा ऑपरेशन वज्र’ के तहत संगठित अपराध के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की गई। माफिया मुख्तार अंसारी के IS-191 गैंग पर शिकंजा कसते हुए पुलिस ने एक साथ 61 सदस्यों और उनके सहयोगियों के ठिकानों पर छापेमारी की। इस बड़े अभियान से पूरे जिले में हड़कंप मच गया।
गाजीपुर पुलिस अधीक्षक डॉ ईरज राजा ने बताया कि पांच थानों की 12 गठित पुलिस टीम ने छापेमारी की है। इस दौरान 24 लोगों हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। यह छापेमारी जिले के पांच थाना क्षेत्रों मोहम्मदाबाद, भांवरकोल, करंडा, जंगीपुर और सदर कोतवाली में एक साथ की गई, जिससे गैंग के नेटवर्क को झटका देने की रणनीति साफ नजर आई। गैंग के सदस्यों की अवैध संपत्तियों, असलहे, आपराधिक गतिविधियों और उनके आर्थिक स्रोतों की गहन जांच की जा रही है। पुलिस को कई अहम सुराग हाथ लगे हैं, जिनके आधार पर आगे और बड़ी कार्रवाई की तैयारी है।

इस पूरे अभियान की कमान पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने संभाली है और उनके नेतृत्व में 12 विशेष टीमें गठित की गईं, जो संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का फोकस गैंग के फरार सदस्यों और उनके नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करना है।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने गैंग से जुड़ी फरार 50 हजार की इनामी मरहूम मुख्तार अंसारी की पत्नी अफसा अंसारी की तलाश में मोहम्मदाबाद स्थित फाटक आवास पर दबिश दी। इस दौरान सांसद अफजाल अंसारी के आवास पर भी पुलिस पहुंची और उनके बड़े भाई, पूर्व विधायक सिबगतुल्लाह अंसारी से पूछताछ की गई।

पुलिस अधीक्षक डॉ ईरज राजा ने बताया कि पुलिस को गोपनीय जानकारी मिली थी कि IS-191 मुख्तार अंसारी गैंग के सदस्यों द्वारा जनपद में अवांछनीय गतिविधियां की जा रही हैं और माहौल बिगाड़ने के प्रयास हो रहे हैं। इसी के क्रम में गाजीपुर पुलिस द्वारा 'ऑपरेशन वज्र' चलाया गया।

गैंग के 61 चिह्नित सदस्यों के ठिकानों पर पुलिस की 12 टीमों ने एक साथ 5 थाना क्षेत्रों में छापेमारी की।अब तक लगभग 24 लोगों को हिरासत में लेकर उनसे सघन पूछताछ की जा रही है। इन 61 लोगों के पास कुल 90 असलहे थे। पुलिस इन सभी शस्त्रों का फिजिकल वेरिफिकेशन कर रही है कि वे कहां जमा हैं और उनका वर्तमान स्टेटस क्या है। कुछ शस्त्रों के निलंबन या निरस्तीकरण की प्रक्रिया भी विभिन्न स्तरों पर हुई है। प्रत्येक व्यक्ति का डोजियर भरवाया जा रहा है, जिसमें संगठित अपराध से लड़ने के लिए विभिन्न जानकारियां इकट्‌ठी की जा रही है।

मुख्तार अंसारी की मृत्यु हो चुकी है, लेकिन उनके पास मौजूद शस्त्रों के विषय में और उनकी पत्नी अफ्सां अंसारी (जो कि 50,000 की इनामी और वांछित हैं) के बारे में जानकारी जुटाने के लिए पुलिस टीमों ने उनके परिजनों से भी गहन पूछताछ की है।