गाजीपुर में पारिवारिक कलह के बाद युवक ने जान दी, 3 बच्चियों और बीवी के भविष्य को लेकर चिंता बढ़ी
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. मरदह कस्बे में पारिवारिक कलह के बाद एक 35 वर्षीय मजदूर ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। उसका शव मंगलवार दोपहर घर के टिनशेड वाले कमरे में फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक की पहचान मरदह गांव निवासी सतीश पासी (35 वर्ष) पुत्र स्व. रामजीत पासवान के रूप में हुई है। वह पेशे से मजदूर था। जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर सतीश का अपनी पत्नी वंदना से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था।
विवाद के बाद सतीश घर के बगल में स्थित बिना दरवाजे वाले टिनशेड के कमरे में चला गया। वहां उसने छत की बल्ली के सहारे साड़ी का फंदा बनाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। एक ग्रामीण की नजर जब कमरे के अंदर लटकते शव पर पड़ी, तो उसने शोर मचाया।
शोर सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। ग्रामीणों ने तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना दी। मरदह थानाध्यक्ष तारावती यादव पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं और शव को फंदे से नीचे उतरवाकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की।
सतीश अपने परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य था। उसकी मौत के बाद उसकी पत्नी वंदना और तीन छोटी बेटियां—साधना (4 वर्ष), संध्या (3 वर्ष) और सौम्या (1 वर्ष)—के भविष्य को लेकर चिंता बढ़ गई है। सतीश पांच भाइयों में चौथे नंबर पर था और अपनी पत्नी व बेटियों के साथ अलग रहता था।
थानाध्यक्ष तारावती यादव ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। मौत के सही कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
