Today Breaking News

गाजीपुर के विशेश्वरगंज पेट्रोल पंप पर पेट्रोल खत्म, लोगों की बढ़ी परेशानी

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़त के बाद अब आपूर्ति संकट ने आम लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। वाराणसी-गाजीपुर-बलिया हाईवे पर स्थित विशेश्वरगंज पेट्रोल पंप पर पेट्रोल पूरी तरह खत्म हो गया है, जिसके चलते बड़ी संख्या में वाहन चालक बिना तेल लिए वापस लौटते नजर आए।
सरकार की ओर से पेट्रोल और डीजल की कीमतों में हाल ही में बढ़ोतरी की गई है। नई दरों के अनुसार, पेट्रोल पर लगभग 3.14 रुपये प्रति लीटर और डीजल पर 3.11 रुपये प्रति लीटर तक की वृद्धि दर्ज की गई है। बढ़ती कीमतों का असर पहले से ही आम लोगों की जेब पर पड़ रहा था। हाईवे और शहर को जोड़ने वाले इस प्रमुख पंप पर अचानक पेट्रोल खत्म होने से यात्रियों, नौकरीपेशा लोगों और व्यापारियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई वाहन चालक हाईवे पर दूसरे पेट्रोल पंपों की तलाश करते दिखे। लाल दरवाजा निवासी पुणे ने बताया कि वे पेट्रोल लेने विशेश्वरगंज आए थे, लेकिन यहां पेट्रोल खत्म होने से उनका काम बाधित हो रहा है और वे अब घर लौट रहे हैं।

पेट्रोल पंप संचालक ने जानकारी दी कि पेट्रोल खत्म हो गया है और देर शाम तक पेट्रोल का टैंकर आने की उम्मीद है। टैंकर आने के बाद ही पेट्रोल की समस्या समाप्त हो पाएगी। वहीं, इस समस्या को लेकर जिला पूर्ति अधिकारी अनंत सिंह से फोन पर जानकारी लेने की कोशिश की गई तो उनका फोन रिसीव नहीं हुआ और कोई भी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई।