Today Breaking News

गाजीपुर में रंगदारी और धमकी मामले में सपा नेत्री का जेठ गिरफ्तार, जेल रवाना

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में पुलिस ने वकील से रंगदारी और धमकाने के मामले में सपा नेत्री के जेठ को गिरफ्तार किया है। वहीं सपा नेत्री और उनके पति फरार हैं। गिरफ्तार आरोपी पर मारपीट, धमकी, रंगदारी और धोखाधड़ी के 12 मुकदमे सदर कोतवाली में दर्ज हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक अच्छेलाल बिंद के खिलाफ 2016 से मुकदमे दर्ज होते रहे हैं। पुलिस अब आरोपी के खिलाफ हिस्ट्रीशीट और मजबूत करने के साथ-साथ गैंगस्टर एक्ट और गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की तैयारी कर रही है।

आरोपी अच्छेलाल बिंद समाजवादी पार्टी की महिला सभा की प्रदेश सचिव बिंदु बाला बिंद का जेठ है। पुलिस के अनुसार, सपा महिला सभा की प्रदेश सचिव बिंदु बाला बिंद, उनके पति केशव बिंद और अच्छेलाल बिंद ने एक अधिवक्ता से 5 लाख रुपए की रंगदारी मांगी थी। न देने पर धमकाया था।

वकील की शिकायत पर पुलिस ने 28 मई को मुकदमा दर्ज किया था। इसी मामले में सपा नेत्री के जेठ को पकड़ा गया है। सीओ सिटी शेखर सेंगर ने बताया- मामले में सपा नेत्री बिंदु बाला और उनके पति केशव बिंद फरार हैं। पुलिस दोनों की तलाश में दबिश दे रही है। शहर कोतवाली क्षेत्र के बड़ीबाग (लंका) निवासी अधिवक्ता जगतमोहन बिन्द ने बताया, वह 20 सालों से समाजवादी पार्टी के सक्रिय सदस्य हैं। गाजीपुर सदर विधानसभा सीट से टिकट के दावेदार हैं। इसी सीट से बिंदु बाला भी दावेदारी कर रही हैं।

अधिवक्ता जगतमोहन बिंद ने बताया, गाजीपुर सदर विधानसभा सीट से टिकट की दावेदारी को लेकर उन पर राजनीतिक दबाव बनाया गया। 16 मार्च 2026 को उन्हें फोन कर चुनावी दावेदारी छोड़ने या 5 लाख रुपए मांगे गए। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी।

जगतमोहन बिंद ने बताया, 11 अप्रैल को बिंदु बाला बिंद और अच्छेलाल बिंद उनके घर पहुंचे। दोबारा रंगदारी मांगी। लगातार धमकियों के कारण उन्होंने डर के कारण 50 हजार रुपये भी दिए। इसमें से 30 हजार रुपये दोस्त से उधार लेकर दिए। 20 हजार रुपये उनके थे। पीड़ित का कहना है कि आरोपी लगातार दबाव बना रहे हैं। दो दिन पहले फिर पैसों की मांग की गई थी। उनका परिवार दहशत में है। उन्होंने पुलिस से सुरक्षा की मांग की है।