Today Breaking News

गाजीपुर में दो शातिर चोर गिरफ्तार, 1 लाख रुपये कैश, जेवर बरामद

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर पुलिस को चोरी और नकबजनी के मामलों में बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली थाना पुलिस ने लंबे समय से सक्रिय दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से एक लाख रुपये नकद और चोरी के जेवर बरामद हुए हैं।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान विशाल बिंद उर्फ प्रभास और शैलेश उर्फ झुन्नू के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को बिलैचिया मोड़ से तड़के करीब 4:30 बजे दबोचा। ये दोनों पहले भी कई बड़ी वारदातों में जेल जा चुके हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी कोतवाली थाना क्षेत्र में दर्ज चोरी और नकबजनी के दो मामलों में वांछित चल रहे थे।

जांच के दौरान इनके नाम सामने आए थे, जिसके बाद पुलिस लगातार इनकी तलाश में जुटी थी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक मामले से जुड़े 80 हजार रुपये, दो जोड़ी पायल और एक करधन बरामद किया, जबकि दूसरे मामले से जुड़े 20 हजार रुपये नकद भी इनके पास से मिले।

कुल 1 लाख रुपये नकद और जेवर बरामद किए गए हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी रात के समय सुनसान इलाकों और बंद घरों को निशाना बनाते थे। पुलिस अब इनसे पूछताछ कर जिले में हुई अन्य चोरी की घटनाओं का भी खुलासा करने में जुटी है।

दोनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड काफी लंबा है। विशाल बिंद पर डकैती, चोरी, मारपीट और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामलों में कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, शैलेश उर्फ झुन्नू पर गैंगस्टर एक्ट, डकैती और आबकारी एक्ट समेत कई संगीन धाराओं में केस दर्ज हैं।

इस पूरी कार्रवाई में महराजगंज चौकी प्रभारी युगल किशोर राय, देवेंद्र कुमार साहू समेत कोतवाली पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।