Today Breaking News

गाजीपुर में नीलगाय की टक्कर से टेंपो-बाइक पलटे, 8 घायल

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले के जमानियां में ताड़ीघाट-बारा नेशनल हाईवे पर शुक्रवार को एक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार टेंपो और बाइक से अचानक एक नीलगाय टकरा गई, जिससे टेंपो एवं बाइक दोनों अनियंत्रित होकर पलट गया। इस दुर्घटना में 8 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, नीलगाय अचानक हाईवे पर आ गई, जिससे वाहन चालक संभल नहीं पाए। नीलगाय की टक्कर से टेंपो पलट गया और उसमें सवार लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए। बाइक सवार भी इसकी चपेट में आ गए। दुर्घटना के बाद नीलगाय मौके से भाग निकली।

घायलों में टेंपो सवार सुधीर श्रीवास्तव (47), पुष्पा श्रीवास्तव (45), आरती श्रीवास्तव (48), शिल्पा श्रीवास्तव (26), अभिनव (2) और विष्णुकांत (42) शामिल हैं। ये सभी बिरनो थाना क्षेत्र के बद्धोपुर गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।

इसके अलावा, बाइक सवार यूसुफ (65) और एहशान (32) भी घायल हुए हैं। ये दोनों गहमर थाना क्षेत्र के बसुका गांव के निवासी हैं।

घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सभी को गाजीपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

बताया गया है कि टेंपो सवार सभी लोग कामाख्या धाम से पूजा-अर्चना कर अपने गांव बद्धोपुर लौट रहे थे। इसी दौरान नीलगाय के अचानक हाईवे पर आ जाने से यह हादसा हुआ। बाइक सवार गाजीपुर की ओर जा रहे थे। टेंपो चालक सुहैल (50) को मामूली चोटें आई हैं और वह बाल-बाल बच गया।

प्रभारी निरीक्षक राजू दिवाकर ने बताया कि उन्हें अभी तक घटना की आधिकारिक सूचना नहीं मिली है, लेकिन मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।