Today Breaking News

ग्राम प्रधान गांव की समस्या गांव में सुलझाएं, मामले तहसील तक न पहुंचें - DM गाजीपुर

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के डीएम अनुपम शुक्ला ने शुक्रवार को ऑडिटोरियम हॉल में ग्राम प्रधानों के साथ एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया। इस कार्यशाला का उद्देश्य विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तृत चर्चा करना था।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधानों से कहा कि वे जनता द्वारा सौंपे गए विश्वास और जिम्मेदारी का निर्वहन करें। उन्होंने जोर दिया कि गांव की समस्याओं का समाधान गांव स्तर पर ही किया जाना चाहिए। जिलाधिकारी ने प्रधानों के पद को एक संवैधानिक पद बताते हुए कहा कि उनकी महत्वपूर्ण भूमिका गांव में कानून व्यवस्था बनाए रखने और विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की है।

डीएम शुक्ला ने गाजीपुर को एक बड़ा और विविधतापूर्ण जनपद बताया, जहां विकास और कानून व्यवस्था बनाए रखने में प्रधानों की भूमिका अहम है। उन्होंने हाल ही में करंडा थाना क्षेत्र के कटरिया गांव में हुई घटना का जिक्र करते हुए प्रधानों से अपने पद की गरिमा और कर्तव्यों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रधान का पद राजनीतिक होने के साथ-साथ एक बड़ी संवैधानिक जिम्मेदारी भी है।

इसी क्रम में जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधानों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने गांवों में एक खेल का मैदान विकसित करें। इस पहल का उद्देश्य जनपद से सेना और खेल जैसे क्षेत्रों में जाने वाले युवाओं को प्रोत्साहित करना और खेल के प्रति उनकी रुचि को बढ़ावा देना है।