Today Breaking News

गाजीपुर में बारातियों से भरी बस डिवाइडर से टकराई, कई घायल; चालक फरार

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के मरदह क्षेत्र में एक सड़क हादसा हुआ, जिसमें बारातियों से भरी एक मिनी बस अनियंत्रित होकर फोरलेन के डिवाइडर से टकरा गई। इस दुर्घटना में बस में सवार कई बाराती घायल हो गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, नोनहरा थाना क्षेत्र के चौरा बोझ गांव निवासी बबलू राजभर की बारात बिरनो थाना के नसरतपुर नई बस्ती गांव जा रही थी। नसरतपुर गांव के पास पहुँचते ही बस चालक ने नियंत्रण खो दिया और बस सर्विस लेन के डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे के बाद बस में सवार हीरा राजभर, बाबूलाल राजभर, फूलदेव, जनार्दन और राजनाथ को गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना के तुरंत बाद चालक क्षतिग्रस्त बस छोड़कर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल पास के चिकित्सक के पास ले जाया गया, जहाँ उनका प्राथमिक उपचार किया गया।

प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायल बाराती और अन्य सदस्य दूसरे निजी वाहनों से अपने घर वापस लौटे। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है।