Today Breaking News

गाजीपुर में पंचायत के बाद हंसा-शशि का हुआ विवाह, आंधी-तूफान के बीच शिव मंदिर में हुई शादी

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के जखनिया में चक्रवाती तूफान के बीच एक शादी संपन्न हुई। तेज हवाओं और बारिश के बावजूद, जखनिया स्थित शिव मंदिर में हंसा कुमारी और शशि कुमार ने पंचायत के फैसले के बाद विवाह बंधन में बंध गए। यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, जखनिया गोविंद निवासी हंसा कुमारी (पुत्री सूर्यनाथ) और सादात थाना क्षेत्र के शशि कुमार (पुत्र धनीराम) के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस मामले को लेकर एक पंचायत बुलाई गई थी। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अशोक गुप्ता और समाजसेवी संतोष उर्फ मुन्ना सिंह की मध्यस्थता में दोनों पक्षों ने रिश्ते को आगे बढ़ाने का फैसला किया।

शाम के समय जब चक्रवाती तूफान के कारण अफरा-तफरी का माहौल था, उसी दौरान मंदिर परिसर में शादी की रस्में पूरी की गईं। शशि ने हंसा की मांग में सिंदूर भरा, जिस पर मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद दिया। इस अनोखे पल को कई लोगों ने अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर लिया।

इस अवसर पर परिजनों और उपस्थित गणमान्य लोगों ने स्पष्ट किया कि लड़का और लड़की दोनों बालिग हैं। साथ ही, वे एक ही जाति (स्वजातीय) के हैं, जिससे सामाजिक रूप से कोई बाधा नहीं थी। यह शादी आपसी सहमति और पंचायत के सुझाव पर मंदिर में संपन्न कराई गई है।

ग्रामीणों ने इस फैसले का समर्थन करते हुए कहा, "तूफान अपनी जगह है और समाज अपनी जगह। जब दो बच्चे एक-दूसरे के साथ रहना चाहते हैं और बालिग हैं, तो उन्हें समाज का साथ मिलना जरूरी है।" इस शादी की खबर पूरे जखनिया और सादात क्षेत्र में तेजी से फैल गई है, और लोग इसे "तूफान वाली शादी" कहकर संबोधित कर रहे हैं।