Today Breaking News

गाजीपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर 14 गोवंश बचाए गए, दो तस्कर गिरफ्तार

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. भांवरकोल पुलिस ने पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर तस्करी कर वध के लिए पश्चिम बंगाल ले जाए जा रहे कुल 14 गोवंशों को बचाया है। इस मामले में मिनी ट्रक के चालक सहित दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई सोमवार रात मुखबिर की सूचना पर की गई।
थानाध्यक्ष संतोष कुमार राय ने बताया कि सोमवार रात गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम मच्छटी पुलिस चौकी क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की पुलिया के पास पहुंची और तिरपाल से ढके एक मिनी ट्रक को घेर लिया। वाहन में बैठे चालक और खलासी को मौके पर ही पकड़ लिया गया।

वाहन की तलाशी लेने पर उसमें क्रूरतापूर्वक अगले पैरों को बांधकर लादी गईं 12 गायें और 2 बछड़े मिले। इनमें से एक बछड़े की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने सभी गोवंशों को सुरक्षित निकाला।

पूछताछ में चालक ने अपना नाम श्याम बिहारी तोमर बताया, जो मध्य प्रदेश के भिंड जनपद के एडर थाना क्षेत्र के छरेटा गांव का निवासी है। खलासी की पहचान शिशुपाल परिहार के रूप में हुई, जो भिंड जिले के मेहगांव थाना क्षेत्र के कमातर गांव का रहने वाला है।

आरोपियों ने बताया कि वे इन गोवंशीय पशुओं को मेरठ जनपद के सरधना थाना क्षेत्र से लादकर लाए थे। वे इन्हें शामली, हापुड़, बरेली, सीतापुर, लखनऊ के रास्ते पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर चढ़कर बाराबंकी, अमेठी, सुल्तानपुर, अंबेडकर नगर, आजमगढ़, मऊ, गाजीपुर, बलिया होते हुए बक्सर और चौसा मेला (बिहार) के रास्ते वध के लिए पश्चिम बंगाल ले जा रहे थे।

थानाध्यक्ष संतोष कुमार राय ने बताया कि गिरफ्तार किए गए दोनों व्यक्तियों के विरुद्ध गौ हत्या निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसके अतिरिक्त, वाहन के संबंध में वांछित कागजात प्रस्तुत न करने के कारण मिनी ट्रक के खिलाफ भी एमवी एक्ट के तहत मामला पंजीकृत कर उसे जब्त करने की कार्रवाई की जा रही है।