Today Breaking News

गाजीपुर में रेलवे क्रॉसिंग पार करते समय बुजुर्ग की ट्रेन से कटकर मौत

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में मंगलवार दोपहर सैदपुर नगर के वार्ड संख्या 6 निवासी 70 वर्षीय नागेंद्र जायसवाल की सैदपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, घटना मंगलवार दोपहर सैदपुर रेलवे क्रॉसिंग पर हुई। ट्रेन गुजरने के लिए फाटक बंद था और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगी थी। वाराणसी की ओर से बलिया सुपरफास्ट एक्सप्रेस आने वाली थी। इसी दौरान नागेंद्र जायसवाल ने रेलवे क्रॉसिंग पार करने का प्रयास किया। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें ट्रेन के करीब आने की चेतावनी दी, लेकिन उन्होंने इसे अनसुना कर दिया। इसी बीच, वह वाराणसी से आ रही सुपरफास्ट ट्रेन की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से घायल होने के कारण मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद ट्रेन चालक ने सैदपुर भीतरी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन रोककर स्टेशन अधीक्षक को सूचना दी।

स्टेशन अधीक्षक की सूचना पर पुलिस कुछ ही देर में घटनास्थल पर पहुंच गई। जांच के बाद मृतक की पहचान नागेंद्र जायसवाल के रूप में हुई। पुलिस ने शव को थाने पहुंचाया, जहां परिजनों की उपस्थिति में उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा गया।

मृतक नागेंद्र जायसवाल के तीन पुत्र दुर्गेश, पवन और अमित हैं। परिजनों ने बताया कि उनके पिता काफी समय से बीमार चल रहे थे और मानसिक रूप से अस्वस्थ थे।