Today Breaking News

Ghazipur News: समाधान दिवस में मोबाइल गेम खेलते दिखे अधिकारी, 38 में से 4 शिकायतों का निपटारा

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. सेवराई तहसील सभागार में शनिवार को आयोजित समाधान दिवस में फरियादियों की समस्याओं से ज्यादा खाली कुर्सियां चर्चा का विषय रहीं। इस दौरान बिजली विभाग के एसडीओ अमित सिंह मोबाइल पर वीडियो गेम खेलते नजर आए। कुल 38 शिकायतों में से केवल चार का ही मौके पर निस्तारण हो सका।
उपजिलाधिकारी (एसडीएम) संजय यादव की अध्यक्षता में हुए इस कार्यक्रम में बिजली विभाग के एसडीओ दिलदारनगर अमित सिंह को मोबाइल पर गेम खेलते हुए देखा गया। वहां मौजूद लोगों के बीच इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। समाधान दिवस में तहसील क्षेत्र के विभिन्न गांवों से जमीन विवाद, बिजली, राजस्व और अन्य समस्याओं से संबंधित कुल 38 प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए गए। इनमें से केवल चार मामलों का ही मौके पर समाधान हो पाया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को जांच और कार्रवाई के लिए भेजा गया।

सभागार में कई विभागों की कुर्सियां खाली पड़ी थीं। फरियादियों ने अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद से आने के बावजूद अधिकारियों की अनुपस्थिति पर चिंता व्यक्त की।


एसडीएम संजय यादव ने बताया कि इन दिनों कई कर्मचारियों की ड्यूटी फार्मर रजिस्ट्री कार्य में लगी है, जिसके कारण कुछ सीटें खाली रहीं। उन्होंने प्राप्त शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।